-
☰
हरियाणा: हमलावरों की गिरफ्तारी में देरी पर कर्मचारियों का हल्ला बोल, अनिश्चितकालीन हड़ताल का हुआ ऐलान
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी में सिंचाई विभाग की टीम पर हुए हमले के विरोध में कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
विस्तार
हरियाणा: हांसी में सिंचाई विभाग की टीम पर हुए हमले के विरोध में कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्ज यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों ने सिंचाई विभाग कार्यालय में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो 12 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को सिवानी फीडर पर नहरी पानी की चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला किया था। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। शाखा प्रधान अशोक यादव ने कहा कि यदि अगले दो दिनों के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 11 अगस्त को हांसी के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर 12 अगस्त से सिंचाई विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों के आंदोलन को जेई एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। एसोसिएशन ने कहा है कि यदि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो वह भी फील्ड कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल में शामिल होगी। धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो फील्ड कर्मचारी नहरी पानी चोरी रोकने जैसी कार्रवाई करने से पीछे हट सकते हैं। शाखा प्रधान अशोक यादव ने सरपंच एसोसिएशन से भी अपील की कि वे पानी चोरी करने वालों का समर्थन करने के बजाय अपने-अपने गांवों को "पानी चोरी मुक्त" बनाने में सहयोग करें, ताकि नहरी पानी अंतिम छोर तक पहुंचे और प्रत्येक किसान को उसका अधिकार मिल सके। धरने में राज्य कर्मचारी नेता संदीप पुनियां, सर्व कर्मचारी संघ हांसी ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, संजय गौतम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन संदीप फौजी ने किया।