Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: बारिश से पहले जलभराव रोकने के लिए तैयारियों की हुई समीक्षा बैठक

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rammehar , Date: 21/04/2026 03:47:27 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rammehar ,
  • Date:
  • 21/04/2026 03:47:27 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी बरसात के मौसम के मद्देनज़र शहर में जलभराव की समस्या से निपटने हेतु तैयारियों की समीक्षा की गई।

विस्तार

हरियाणा: हांसी अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी बरसात के मौसम के मद्देनज़र शहर में जलभराव की समस्या से निपटने हेतु तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें तथा पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।उन्होंने नगर परिषद के ईओ राजेंद्र सोनी को निर्देश दिए कि 40 एचपी के दो मोटर पंप 30 अप्रैल तक जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां-जहां सीवरेज की नालियों का पानी जाता है, वहां 30 अप्रैल तक सभी मेनहॉल पर जालियां लगाई जाएं।

 

अतिरिक्त उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी नहरों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शहर के तिकोना पार्क, समाधा रोड, मंडी क्षेत्र तथा सेक्टर-6 में प्रतिदिन बेकट मशीन के माध्यम से सफाई कार्य करवाने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी सुचारू रूप से हो सके। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान नहरों का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे विशेषकर बच्चों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए दिल्ली रोड पुल, भिवानी रोड पुल, तोशाम रोड पुल, ढाणी राजू रोड तथा उमरा रोड पुल पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी बरसाती पानी एकत्रित नहीं होना चाहिए। जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या रहती है, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर वहां जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर नगर परिषद के ईओ राजेंद्र सोनी, एमई जयवीर सिंह, सिंचाई विभाग के अभियंता विनोद वर्मा, एसडीओ, मनोनीत पार्षद अशोक ढालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।