-
☰
उत्तर प्रदेश: मायावती ने BSP की अहम बैठक में चुनावी तैयारियों की करी समीक्षा, कार्यकर्ताओं को दिए कई निर्देश
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: लखनऊ बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अहम बैठक में पार्टी प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने उम्मीदवारों के चयन की प्रगति का फीडबैक लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को और तेज एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया। मायावती ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे विरोधियों के साम-दाम-दंड-भेद जैसे कथित हथकंडों का मजबूती से सामना करें और पार्टी का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार BSP की सरकार बनाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की। बैठक में मायावती ने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के आधार पर सरकार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता को लुभाने के लिए किए जाने वाले वादों और कथित ‘रेवड़ियों’ को लेकर लोगों को सतर्क करने की जरूरत है। उन्होंने मतदाताओं से छलावे और विश्वासघात से बचते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की अपील की। मायावती ने युवाओं के बीच बढ़ते असंतोष का जिक्र करते हुए Gen-Z और Gen-Alpha के आक्रोश की भी बात कही। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान BSP की सरकार में ही संभव है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि BSP की नीतियों, विचारधारा और संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जल्द पहुंचाया जाए। साथ ही चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संगठन को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।