Contact for Advertisement 9919916171


गुजरात: हाईटेंशन लाइन विरोध में किसान आंदोलन हुआ तेज, 15 जून को गांधीनगर कूच करने का आह्वान

- Photo by : social media

गुजरात  Published by: Sojitra Ashaben , Date: 13/06/2026 05:48:42 pm Share:
  • गुजरात
  • Published by: Sojitra Ashaben ,
  • Date:
  • 13/06/2026 05:48:42 pm
Share:

संक्षेप

गुजरात: राज्य में हाईटेंशन बिजली लाइनों के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन अब और तेज होता नजर आ रहा है।

विस्तार

गुजरात: राज्य में हाईटेंशन बिजली लाइनों के विरोध में चल रहा किसान आंदोलन अब और तेज होता नजर आ रहा है। किसान नेता पालभाई आंबलिया ने किसानों से 15 जून को अपने-अपने ट्रैक्टरों के साथ गांधीनगर पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने इस अभियान को अनोखे अंदाज में ढोल बजाकर किसानों तक संदेश पहुंचाया और बड़ी संख्या में एकजुट होने की अपील की है। किसानों का आरोप है कि बिजली कंपनियां उनकी कृषि भूमि में बिना अनुमति हाईटेंशन लाइनें बिछा रही हैं। इसके लिए न तो किसानों की सहमति ली जा रही है और न ही उन्हें उचित मुआवजा दिया जा रहा है। साथ ही खेतों, वाड़ियों और निजी संपत्तियों में जबरन खंभे खड़े करने का भी आरोप लगाया गया है। इस मुद्दे को लेकर राज्य के विभिन्न जिलों में किसान धरना, आंदोलन और उपवास कर रहे हैं। जामनगर जिले के गोकुलपर (बाड़ा), सुरेंद्रनगर जिले के कोढ़ तथा मोरबी जिले के जेतपर गांव में किसान लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

वर्तमान में मोरबी के जेतपर गांव में किसान उपवास पर बैठे हुए हैं और परियोजना का विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यह लड़ाई उनके हक और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए है। किसान नेता पालभाई आंबलिया ने अपील की है कि किसान गांधीवादी और अहिंसक तरीके से आंदोलन करते हुए 15 जून को गांधीनगर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि एकता में शक्ति है और किसानों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होना होगा। किसानों की प्रमुख मांगों में उचित मुआवजा, कथित उत्पीड़न का अंत और कृषि भूमि की सुरक्षा शामिल है। आंदोलनकारियों का कहना है कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का अधिकार है, इसलिए सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। न्याय एवं अधिकार समिति, गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष परसोतमभाई एन. मुंगरा (पटेल) ने भी सरकार से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर न्याय प्रदान करने की मांग की है।