Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: कराटे खिलाड़ियों ने लहराया परचम, चैंपियनों का हुआ भव्य सम्मान
 

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chandra Prakash Maurya , Date: 10/08/2026 10:28:46 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Chandra Prakash Maurya ,
  • Date:
  • 10/08/2026 10:28:46 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर मलाँव शितो-र्यू कराटे ट्रेनिंग सेंटर, मलाँव में राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं कराटे प्रशिक्षक सेंसाई चंद्र प्रकाश मौर्य के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर मलाँव शितो-र्यू कराटे ट्रेनिंग सेंटर, मलाँव में राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं कराटे प्रशिक्षक सेंसाई चंद्र प्रकाश मौर्य के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में थाना प्रभारी बेलीपार राजकुमार बरवार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशु पासवान (स्वर्ण पदक), वंशिका पांडेय (रजत पदक), कंचन यादव (रजत पदक) एवं ईशिका पासवान (रजत पदक) को सम्मानित किया गया। ईशु पासवान ने स्वर्ण पदक हासिल कर जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने भी रजत पदक जीतकर गोरखपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

इस अवसर पर कराटे कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सेंसाई चंद्र प्रकाश मौर्य को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक हासिल कर जापान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कराटे, आत्मरक्षा, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का प्रशिक्षण देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। थाना प्रभारी बेलीपार राजकुमार बरवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कौस्तुभ तिवारी, कृष्णा पांडेय, संदीप त्रिपाठी, वेद प्रकाश पांडेय, रोहित यादव एवं मोहित यादव सहित खिलाड़ियों के अभिभावक, प्रशिक्षु, खेल प्रेमी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कराटे बच्चों को आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मदद करता है। शितो-र्यू कराटे ट्रेनिंग सेंटर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। अंत में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Featured News