Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: नशा मुक्ति अभियान हुआ  तेज, गांव-गांव पहुंचकर पुलिस ने किया जागरूक, 15 नशा पीड़ितों का कराया उपचार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 21/07/2026 03:20:54 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 21/07/2026 03:20:54 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हिसार पुलिस ने विशेष जनजागरूकता अभियान चलाते हुए कई गांवों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नशा पीड़ितों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। नशा मुक्ति टीम ने थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव ढाया, रावतखेड़ा, चिड़ोद तथा मंगाली पंचायत के विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों, सरपंचों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान लोगों से नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की अपील की गई और नशा तस्करों से संबंधित सूचनाएं बिना किसी भय के पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए समाज, परिवार और प्रशासन के संयुक्त प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है, ताकि वे सामान्य जीवन में लौट सकें।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने और युवाओं को इससे दूर रखने का संदेश दिया गया। इस अभियान के तहत एक नए नशा पीड़ित की पहचान की गई। वहीं दो लोगों को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आठ नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाएं दी गईं, जबकि पांच अन्य लोगों को सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवा उपलब्ध कराई गई। इस तरह कुल 15 नशा पीड़ितों का उपचार, काउंसलिंग, आवश्यक जांच और दवा वितरण सुनिश्चित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हिसार पुलिस का लक्ष्य केवल नशा तस्करी पर रोक लगाना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है या नशा तस्करी की जानकारी है, तो बिना डर पुलिस को सूचना दें, ताकि मिलकर नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।