Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: कारोबार ठप कराने के लिए रची गई लूट की साजिश, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Tushar Chouk , Date: 21/07/2026 11:36:36 am Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Tushar Chouk ,
  • Date:
  • 21/07/2026 11:36:36 am
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: भगवानपुरा मुर्गा व्यापार में प्रतिस्पर्धा के चलते प्रतिद्वंद्वी का कारोबार ठप कराने के उद्देश्य से लूट की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला भगवानपुरा पुलिस ने उजागर किया है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: भगवानपुरा मुर्गा व्यापार में प्रतिस्पर्धा के चलते प्रतिद्वंद्वी का कारोबार ठप कराने के उद्देश्य से लूट की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला भगवानपुरा पुलिस ने उजागर किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, ₹22,500 नकद, लूटा गया मोबाइल फोन और पिकअप वाहन की चाबी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को फरियादी सईद निवासी संजय नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मालिक सलमान कुरेशी की पिकअप से हेल्पर दिलीप और अनिल के साथ सिरवेल में बॉयलर मुर्गों की सप्लाई देकर लौट रहा था। सिरवेल से करीब 10 किलोमीटर दूर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने पिकअप का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने दुर्घटना का झूठा आरोप लगाकर चालक व हेल्परों के साथ मारपीट की और ₹28,300 नकद, एक मोबाइल फोन तथा पिकअप की चाबी लूट ली। इसके बाद वाहन पर पथराव कर शीशे भी तोड़ दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि ग्राम धुलकोट निवासी गफूर कुरेशी ने व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते सलमान कुरेशी को अपने क्षेत्र में मुर्गा व्यापार नहीं करने की धमकी दी थी। उसी के कहने पर आरोपियों ने पहले पिकअप की रेकी की और फिर सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद आरोपी जंगल में जाकर नकदी आपस में बांटकर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जावेद पिता गफूर कुरेशी (18) निवासी नवलपुर धुलकोट, मायाराम पिता सायका जादव (18) निवासी नवलपुर धुलकोट, मेडिस उर्फ कृष्णा पिता दंगा तायडे (20) निवासी चाचरिया थाना ग्रामीण सेंधवा जिला बड़वानी तथा दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह लवंशी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। जावेद के खिलाफ भगवानपुरा थाने में दो, मायाराम के खिलाफ खरगोन महिला थाने में एक तथा मेडिस उर्फ कृष्णा के खिलाफ भगवानपुरा और सेंधवा ग्रामीण थानों में कुल पांच आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।