Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: कोटपूतली नगर परिषद चुनाव में 428 प्रत्याशी मैदान में, वार्ड 34-35 बने हॉट सीट

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 04/09/2026 10:38:52 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 04/09/2026 10:38:52 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: कोटपूतली नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही कोटपूतली का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: कोटपूतली नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही कोटपूतली का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शहर की सरकार चुनने के लिए चुनावी बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए अब कुल 428 उम्मीदवार मैदान में आमने-सामने हैं, जो एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए तैयार हैं। इससे पहले कुल 566 वैध नामांकित उम्मीदवारों में से 138 प्रत्याशियों ने अपने कदम पीछे खींचते हुए नाम वापस ले लिए हैं।

वार्ड नं. 34 और 35 बने ’हॉट सीट’, लगानी पड़ेंगी दो-दो ईवीएम : इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प और मुकाबला कड़ा होने जा रहा है। वार्ड नंबर 34 और 35 इस चुनाव के सबसे बड़े ’हॉट स्पॉट’ बनकर उभरे हैं। इन दोनों ही वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या 17-17 तक पहुंच गई है। नियम के अनुसार एक बैलेट यूनिट में सीमित उम्मीदवारों के ही नाम आ सकते हैं, जिसके कारण प्रशासन को अब इन दोनों वार्डों में मतदान के लिए दो-दो ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

कांग्रेस और भाजपा में टिकटों का गणित बिगड़ा : मुख्य राजनीतिक दलों की बात करें तो मैदान में कांग्रेस के 57 और भाजपा के 54 उम्मीदवार डटे हुए हैं। चुनाव की शुरुआत में ही दोनों प्रमुख दलों को बड़े झटके लगे हैं। वार्ड संख्या 34 से कांग्रेस प्रत्याशी भगवान सहाय का नामांकन तकनीकी कारणों से खारिज हो गया, जिससे पार्टी को तगड़ा नुकसान हुआ है। वहीं वार्ड संख्या 32 से कांग्रेस उम्मीदवार हंसा सैनी द्वारा अचानक नामांकन वापस लिए जाने के बाद पार्टी के चुनावी समीकरणों में बड़ा उलटफेर हो गया है। कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशियों के सामने उनकी ही पार्टी के बागी और मजबूत निर्दलीय उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं, जो दोनों प्रमुख दलों का खेल बिगाड़ने का माद्दा रखते हैं।

शुरुआत से अब तक का चुनावी सफर : स्थानीय नगर परिषद में कुल तीन दिनों के भीतर 666 प्रत्याशियों ने 834 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान 186 नामांकन निरस्त हुए और 648 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इसके बाद कुल 566 उम्मीदवार वैध रूप से मैदान में थे। गुरुवार को हुई नाम वापसी की प्रक्रिया में 138 उम्मीदवारों के हटने के बाद अब अंतिम रूप से 428 प्रत्याशी रण में बचे हैं।

शुक्रवार को अलॉट होंगे चुनाव चिह्न, गलियों में गरमाया माहौल : मैदान में डटे निर्दलीय प्रत्याशियों को शुक्रवार सुबह 10 बजे चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद निर्दलीय उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार और तेज गति पकड़ेगा। हालांकि शहर के गली-मौहल्लों में चुनावी सरगर्मियां अभी से चरम पर पहुंच गई हैं। चौपालें सजने लगी हैं और समर्थकों की लामबंदी शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में जातीय समीकरण, व्यक्तिगत पकड़, स्थानीय मुद्दे और बागी प्रत्याशियों की भूमिका ही जीत-हार तय करेगी। अब पूरे कोटपूतली की निगाहें 60 वार्डों के इस महामुकाबले पर टिकी हैं।


Featured News