Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: 4.2 किलो अफीम संग अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, झज्जर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

- Photo by : SOCIAL MEDIA

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 02/07/2026 12:50:15 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 02/07/2026 12:50:15 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के मार्गदर्शन में झज्जर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्पेशल स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए मौजूद थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि राजस्थान निवासी एक व्यक्ति झज्जर-खेड़ी रोड स्थित अहरी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ा होकर अवैध अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।उन्होंने बताया कि नियमानुसार एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को उसके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया गया तथा उसकी इच्छा अनुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 किलो 200 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना माछरौली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी की पहचान दुर्गा शंकर निवासी ग्राम चामेरा, तहसील बिछीवाड़ा, जिला डूंगरपुर राजस्थान के रूप में हुई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान उससे बरामद अफीम के स्रोत, खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि झज्जर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के दौरान अब तक झज्जर पुलिस ने नशीले पदार्थों से संबंधित 11 आपराधिक मामले दर्ज कर करीब 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, स्मैक, अफीम तथा नशीले इंजेक्शन सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। झज्जर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन से संबंधित कोई सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत गोपनीय रखी जाएगी। झज्जर पुलिस नशा मुक्त, सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।