Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: डारडाहिन्द में चुनाव बहिष्कार का हुआ ऐलान, चारों प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन आवेदन

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 03/09/2026 05:54:08 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 03/09/2026 05:54:08 pm
Share:

विस्तार

राजस्थान: टोंक नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 डारडाहिन्द में ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे मतदान नहीं करेंगे। इसी फैसले के बाद गुरुवार को वार्ड से चुनाव मैदान में उतरे चारों प्रत्याशियों ने अपने नामांकन आवेदन वापस ले लिए। जानकारी के अनुसार, बुधवार को डारडाहिन्द में ग्रामीणों की बैठक हुई थी। बैठक में स्थानीय समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने मांगें पूरी नहीं होने तक मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे चारों प्रत्याशी अपने आवेदन वापस लेने के लिए पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों और प्रत्याशियों को समझाने का प्रयास किया।

एडीएम, नगर परिषद आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवेदन वापस नहीं लेने की अपील की और ग्रामीणों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि, ग्रामीण अपने निर्णय पर अड़े रहे। आखिरकार डारडाहिन्द से चुनाव लड़ रहे चारों प्रत्याशियों ने अपने नामांकन आवेदन वापस ले लिए। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों को प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने समरावता कांड का हवाला देते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक मतदान में हिस्सा नहीं लिया जाएगा। चारों प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद वार्ड नंबर-2 में चुनावी माहौल गरमा गया है। अब प्रशासन के सामने ग्रामीणों की मांगों को लेकर स्थिति संभालने और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने की चुनौती है।


Featured News